1 भारतीय क्रिकेट टीम ने पाकिस्तान को हराकर एशिया कप जीता
एशिया कप टी-20 क्रिकेट टूर्नामेंट के खिताबी मुकाबले में भारत ने पाकिस्तान को पांच विकेट से हरा दिया है। भारत ने 9वीं बार एशिया कप का खिताब अपने नाम किया। पाकिस्तान के 147 रन के लक्ष्य के जवाब में, भारत ने मात्र 20 रनों पर तीन विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद, तिलक वर्मा और संजू सैमसन की साझेदारी ने भारतीय पारी को संभाला। तिलक वर्मा ने नाबाद 69 रनों की शानदार अर्धशतकीय पारी खेली। शिवम दुबे ने 33 और संजु सैमसन ने 24 रन बनाए। इससे पहले, पाकिस्तान की पूरी टीम 146 रन पर सिमट गई थी।
2 भारत सरकार ने बीएसआई का नेतृत्व करने के लिए पहले मशरूम वैज्ञानिक को नियुक्त किया
भारत के वैज्ञानिक समुदाय के लिए 25 सितम्बर 2025 का दिन ऐतिहासिक रहा, जब डॉ. कनद दास ने बॉटनिकल सर्वे ऑफ इंडिया (BSI) के 13वें निदेशक के रूप में पदभार संभाला। वे इस प्रतिष्ठित संस्था के पहले माइकोलॉजिस्ट (कवक विशेषज्ञ) बने हैं। पर्यावरण, वन एवं जलवायु परिवर्तन मंत्रालय (MoEFCC) के अधीन कार्यरत BSI की स्थापना 1890 में हुई थी और इसका कार्य भारत की वनस्पति विविधता का दस्तावेज़ीकरण एवं संरक्षण करना है। डॉ. दास की नियुक्ति कवकीय विविधता (फंगल बायोडायवर्सिटी) की अहमियत को नई पहचान देती है।
3 तमिलनाडु सरकार ने करूर रैली भगदड़ की जांच के लिए पूर्व न्यायाधीश की अध्यक्षता में जांच आयोग का किया गठन
तमिलनाडु सरकार ने करूर में एक रैली में हुई भगदड़ की दुखद घटना की जाँच के लिए उच्च न्यायालय की पूर्व न्यायाधीश अरुणा जगदीशन की अध्यक्षता में एक सदस्यीय जाँच आयोग का गठन किया है। इस रैली में 40 लोगों की जान चली गई थी। यह घटना अभिनेता से नेता बने और टीवीके के संस्थापक विजय के स्वागत में आयोजित विशाल सभा के दौरान हुई।
4 पत्रकार अम्शी प्रसन्नकुमार ने कृषि मीडिया पुरस्कार 2025 जीता
मैसूर के वरिष्ठ पत्रकार अम्शी प्रसन्नकुमार को होम्बले संहिता हरिनिकुमार एलुमनी कृषि मीडिया अवॉर्ड – 2025 के लिए चुना गया है। यह प्रतिष्ठित सम्मान उन्हें कृषि पत्रकारिता में उनके असाधारण योगदान के लिए प्रदान किया जा रहा है, खासकर किसानों को प्रिंट और इलेक्ट्रॉनिक मीडिया के माध्यम से जागरूक करने के कार्य हेतु। यह पुरस्कार कृषि विज्ञान विश्वविद्यालय (यूएएस), बेंगलुरु के एलुमनी एसोसिएशन द्वारा स्थापित किया गया है और उन्हें यह सम्मान 11 अक्टूबर 2025 को वेटरिनरी कॉलेज कैंपस, हेब्बाल, बेंगलुरु में प्रदान किया जाएगा।
5 तिरुमाला में तीर्थयात्रियों के लिए भारत का पहला एआई-आधारित कमांड सेंटर स्थापित
आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन. चंद्रबाबू नायडू ने हाल ही में तिरुमला में एआई संचालित तीर्थयात्री एकीकृत कमान और नियंत्रण केंद्र (ICCC) का उद्घाटन किया। इसे तीर्थयात्रा पारिस्थितिकी तंत्र के लिए भारत का पहला एआई-एकीकृत कमान केंद्र बताया जा रहा है। इस केंद्र की मदद से तिरुमला में आने वाली भीड़ का सटीक पूर्वानुमान लगाया जा सकेगा, कतारों का प्रबंधन आसान होगा और सुरक्षा एवं साइबर खतरे पर प्रभावी निगरानी संभव होगी। मुख्यमंत्री चंद्रबाबू नायडू ने बताया कि वैकुंठम क्यू कॉम्प्लेक्स-प्रथम में स्थापित यह सुविधा उन्नत कैमरों, 3D स्थितिजन्य मानचित्रों और एक समर्पित तकनीकी टीम के लाइव डैशबोर्ड को एकीकृत करती है।
6 आनंद पीरामल को पीरामल फाइनेंस का अध्यक्ष नियुक्त किया गया
आनंद पिरामल को पिरामल फ़ाइनेंस का नया चेयरमैन नियुक्त किया गया है। यह नियुक्ति उनके पिता अजय पिरामल के पद छोड़ने के बाद हुई है, जिन्होंने हाल ही में हुए पिरामल एंटरप्राइजेज के विलय (Merger) के बाद गैर-कार्यकारी चेयरमैन (Non-Executive Chairman) का पद त्याग दिया। यह बदलाव 10 सितंबर 2025 को NCLT (नेशनल कंपनी लॉ ट्रिब्यूनल) द्वारा मंज़ूरी प्राप्त विलय के बाद हुई पहली बोर्ड बैठक में अनुमोदित किया गया।
7 सुधांशु वत्स एएससीआई के अध्यक्ष, सुब्रमण्येश्वर उपाध्यक्ष नियुक्त
भारत की प्रमुख विज्ञापन नियामक संस्था एडवर्टाइजिंग स्टैंडर्ड्स काउंसिल ऑफ इंडिया (ASCI) में महत्वपूर्ण नेतृत्व बदलाव हुआ है। सुधांशु वत्स, प्रबंध निदेशक (MD) पिडिलाइट इंडस्ट्रीज़ लिमिटेड को ASCI का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। यह घोषणा संस्था की 39वीं वार्षिक आम बैठक में की गई, ठीक उस समय जब ASCI अक्टूबर 2025 में अपनी 40वीं वर्षगांठ मनाने जा रहा है। यह नियुक्ति ऐसे दौर में हुई है जब विज्ञापन जगत तेजी से बदल रहा है और स्वनियमन (self-regulation) तथा नैतिक विज्ञापन प्रथाओं की अहमियत और बढ़ गई है।
8 केरल: मुख्यमंत्री विजयन ने राजभवन पत्रिका ‘राजहंस’ का विमोचन किया
केरल की राजधानी तिरुवनंतपुरम में, मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन ने राजभवन की पत्रिका राजहंस का विमोचन किया। उन्होंने इसकी पहली प्रति सांसद शशि थरूर को सौंपी। इस अवसर पर राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर ने कहा कि इस पत्रिका का उद्देश्य राजभवन के कार्यक्रमों को जनता के सामने प्रस्तुत करना है। मुख्यमंत्री ने आशा व्यक्त की कि यह पत्रिका ऐतिहासिक घटनाओं का एक मूल्यवान अभिलेख बनेगी।
9 दिल्ली के पूर्व कप्तान मिथुन मन्हास को बीसीसीआई का नया अध्यक्ष चुना गया
दिल्ली के पूर्व कप्तान मिथुन मन्हास को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड-बीसीसीआई का नया अध्यक्ष चुना गया है। बीसीसीआई मुख्यालय में आयोजित वार्षिक आम बैठक में नए पदाधिकारियों के नामों पर अंतिम मुहर लगी है। बोर्ड के 37वें अध्यक्ष बने मन्हास अब रोजर बिन्नी की जगह लेंगे। 70 वर्ष की आयु पूरी करने के बाद बिन्नी ने पिछले महीने ही बोर्ड के अध्यक्ष का पद छोड़ दिया था।
10 संयुक्त राष्ट्र ने ईरान पर हटाए गये आर्थिक और सैन्य प्रतिबंधों को दस वर्षों बाद दोबारा किया लागू
संयुक्त राष्ट्र ने ईरान पर आर्थिक और सैन्य प्रतिबंधों को दस वर्षों बाद दोबारा लागू कर दिया है। 2015 के परमाणु समझौते के तहत ये प्रतिबंध हटा लिए गये थे। ब्रिटेन, फ्रांस और जर्मनी ने ईरान के लगातार परमाणु प्रसार करने और सहयोग की कमी का हवाला देते हुए समझौते की स्नैपबैक प्रणाली को लागू कर दिया है। इस वर्ष जून महीने में ईरान के परमाणु तथा सैन्य ठिकानों पर इस्राइल और अमरीका के हवाई हमलों के बाद ईरान द्वारा जांच को स्थगित किये जाने के बाद यह कदम उठाया गया है। ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेशकियन ने इन प्रतिबंधों को अनुचित और गैर-कानूनी बताया है।