भारत लेजर निर्देशित हथियार प्रणाली का परीक्षण करने वाला चौथा देश बन गया

naveen

Moderator

1 भारत लेजर निर्देशित हथियार प्रणाली का परीक्षण करने वाला चौथा देश बन गया​


cu-20250415093415.jpg


भारत ने 30-किलोवाट के लेजर सिस्टम से छोटे विमानों और ड्रोन को मार गिराने की क्षमता हासिल कर ली है, जिससे वह ऐसा करने वाला चौथा देश बन गया है। भारत से पहले रूस, चीन और अमेरिका ने इस क्षमता का सफलतापूर्वक प्रदर्शन किया है। रक्षा अनुसंधान एवं विकास संगठन (डीआरडीओ) द्वारा आंध्र प्रदेश के कुरनूल में 30 किलोवाट की लेजर निर्देशित ऊर्जा हथियार प्रणाली एमके-II(ए) का सफलता पूर्वक परीक्षण किया गया। एमके-II(ए) प्रणाली को डीआरडीओ के उच्च ऊर्जा प्रणाली और विज्ञान केंद्र (सीएचईएसएस), हैदराबाद द्वारा भारतीय उद्योगों और शैक्षणिक संस्थानों के सहयोग से विकसित किया गया है। हथियार प्रणाली को लंबी दूरी पर फिक्स्ड-विंग ड्रोन को संलग्न करने और नीचे गिराने, कई शत्रुतापूर्ण ड्रोन हमलों को रोकने और दुश्मन के निगरानी सेंसर और एंटीना को नष्ट करने के लिए डिज़ाइन किया गया है। इस हथियार प्रणाली की सीमा 5 किलोमीटर है।

2 अमरीकी-गायिका कैटी पेरी सहित छह महिलाओं के दल ने ब्लू-ओरिजिन के रॉकेट से पृथ्वी के वायुमंडल की ऊपरी-सीमा में उड़ान भर रचा इतिहास

cu-20250415085323.jpg


अमरीका की जानी-मानी गायिका कैटी पेरी सहित छह महिलाओं ने ब्लू ओरिजिन के रॉकेट के जरिए पृथ्वी के वायुमंडल की ऊपरी सीमा तक उड़ान भरके इतिहास रच दिया। इन महिलाओं को लेकर ब्‍लू ओरिजिन के न्‍यू शेपर्ड- NS-31 अंतरिक्ष यान ने भारतीय समयानुसार शाम 7 बजे अमरीका के पश्चिमी टेक्‍सास से उड़ान भरी और लगभग दस मिनट की यात्रा के बाद सभी को सुरक्षित वापस लेकर लौट आया। ब्लू ओरिजिन अमेज़न के संस्थापक जेफ बेजोस की स्वामित्व वाली अमरीकी अंतरिक्ष कंपनी है। उड़ान के दौरान महिला यात्रियों को पृथ्वी की सतह से 100 किलोमीटर से भी ऊपर, करमन रेखा के पार ले जाया गया। करमन रेखा पृथ्वी के वायुमंडल और अंतरिक्ष के बीच की सीमा को बताने वाली काल्पनिक रेखा है। उड़ान भरने वाली महिलाओं में कैटी पेरी के अलावा टेलीविजन एंकर गेल किंग, फिल्म निर्माता केरियन फ्लिन, नासा की पूर्व एयरोस्पेस इंजीनियर आइशा बोवे, यौन हिंसा के खिलाफ अभियान समूह की संस्थापक अमांडा गुयेन और एक पूर्व पत्रकार और जेफ बेजोस की मंगेतर लॉरेन सांचेज भी थीं।

3 इक्वेडोर के राष्ट्रपति डेनियल नोबोआ दूसरे कार्यकाल के लिए पुनः निर्वाचित हुए​


cu-20250415084925.jpg


इक्वेडोर के वर्तमान राष्ट्रपति डेनियल नोबोआ चार वर्ष के लिए दूसरे कार्यकाल के लिए चुन लिए गए हैं। उनको अपने प्रतिद्वंद्वी लुइसा गोंजालेज की तुलना में 55 प्रतिशत से अधिक मत मिले। 37 वर्षीय श्री नोबोआ को अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प का करीबी माना जाता है। उन्‍होंने अपनी जीत को ऐतिहासिक बताया और मादक पदार्थों के खिलाफ युद्ध जारी रखने की अपनी प्रतिबद्धता व्‍यक्‍त की।

4 स्‍टार्टअप क्‍यू एन यू लैब्‍स ने दुनिया के पहले प्लेटफॉर्म क्‍यू शील्‍ड का शुभारंभ किया​


cu-20250415091715.jpg


राष्‍ट्रीय क्‍वांटम मिशन के अंतर्गत विज्ञान और प्रौद्योगिकी विभाग से चयनित स्‍टार्टअप क्‍यू एन यू लैब्‍स ने विश्व क्वांटम दिवस पर दुनिया के पहले प्लेटफॉर्म क्‍यू शील्‍ड का शुभारंभ किया। यह उद्यमों को अपनी महत्‍वपूर्ण अवसंरचना संरक्षित रखने में सशक्‍त बनाता है। यह क्लाउड, ऑन-प्रिमाइसेस या हाइब्रिड सहित निर्बाध क्रिप्टोग्राफी प्रबंधन को भी सक्षम बनाता है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी मंत्रालय ने एक वक्‍तव्‍य में कहा कि क्‍यू शील्‍ड कॉसमॉस, सुरक्षित कनेक्टिविटी के लिए क्‍यू कनेक्‍ट और सुरक्षित समन्वय के लिए क्‍यू वर्स जैसी विभिन्‍न सेवाओं की भी सुविधा देता है। क्‍वांटम प्रौद्योगिकी में वैश्विक नेतृत्‍व की दिशा में भारत के प्रयासों में इस प्लेटफॉर्म का शुभारंभ एक महत्वपूर्ण कदम है। मंत्रालय ने बताया कि 2016 में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्‍थान मद्रास के रिसर्च पार्क से सृजित क्‍यू एन यू लैब्‍स क्‍वांटम साईबर सुरक्षा में क्रांति ला रहा है और क्‍वांटम क्रिप्‍टोग्राफी में भारत का वैश्विक नेतृत्व स्‍थापित कर रहा है।




5 तमिलनाडु और केरल में पारंपरिक नववर्ष मनाया जा रहा




cu-20250415092419.jpg


दुनिया भर में तमिल मूल के लोग नववर्ष पुतांडू मना रहे हैं। तमिल माह चितिराई के पहले दिन को पुतांडू कहा जाता है। इस अवसर पर लोग अपने परिवार के साथ उत्सव मनाते हैं। महीने भर चलने वाला चितिराई आयोजन सौर कैलेंडर पर आधारित है। दुनिया भर में केरल मूल के लोग नववर्ष विशु मना रहे हैं। यह फसल और समृद्धि का त्योहार है। विशु नई शुरुआत का प्रतीक है और भगवान कृष्ण की पूजा की जाती है।

6 प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हरियाणा में 10 हजार करोड़ रुपये लागत की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण किया​


cu-20250415092719.jpg


प्रधानमंत्री नरेन्‍द्र मोदी ने हरियाणा के लिए लगभग 10 हजार करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और शुभारंभ किया। डॉ. भीम राव आम्‍बेडकर जयंती के अवसर पर श्री मोदी ने यमुना नगर में दीनबंधु छोटू राम ताप बिजली संयंत्र में 800 मेगावाट की तीसरी इकाई की आधारशिला रखी। यह परियोजना मौजूदा संयंत्र का विकास है। वर्तमान में इससे 300 मेगावाट की दो इकाइयों का परिचालन होता है। लोकार्पित परियोजना के 52 महीने में पूरी होने का लक्ष्‍य रखा गया है। मार्च 2029 तक इससे व्‍यवसायिक परिचालन शुरू हो जाने की संभावना है। इस नई इकाई के साथ हरियाणा की बिजली उत्‍पादन क्षमता बढ़कर 3,382 मेगावाट हो जाएगी। प्रधानमंत्री ने इस अवसर पर यमुना नगर में नब्‍बे करोड़ रुपये लागत के गोबर धन संयंत्र की आधारशिला भी रखी।

7 तेलंगाना ने अनुसूचित जाति के आरक्षण में वर्गीकरण लागू किया​


cu-20250415093253.jpg


तेलंगाना, भारत का पहला राज्य बन गया है जिसने राज्य में अनुसूचित जातियों में आरक्षण में वर्गीकरण लागू किया है। राज्य सरकार ने कोटा के भीतर कोटा प्रदान करने का सरकारी आदेश 14 अप्रैल 2025 को डॉ भीम राव अंबेडकर की जयंती के अवसर पर जारी किया। डॉ भीम राव अंबेडकर जो स्वतंत्र भारत में अनुसूचित जाति के सबसे बड़े नेता भी थे, भारत के संविधान को तैयार करने के लिए भारतीय संविधान सभा द्वारा गठित मसौदा समिति के अध्यक्ष थे। उन्हें भारतीय संविधान का निर्माता भी माना जाता है। डॉ अंबेडकर का जन्म 14 अप्रैल 1891 को मध्य प्रदेश के महू में हुआ था। 1 अगस्त 2024 को दविंदर सिंह बनाम पंजाब राज्य मामले में सर्वोच्च न्यायालय ने 6:1 बहुमत से फैसला सुनाया था कि राज्य सरकार को संविधान के अनुच्छेद 15 और 16 के अनुसार आरक्षण के उद्देश्य से अनुसूचित जाति और अनुसूचित जनजाति के भीतर उप-वर्गीकरण करने का अधिकार है। सात न्यायाधीशों की पीठ की अध्यक्षता भारत के तत्कालीन मुख्य न्यायाधीश डी वाई चंद्रचूड़ ने की थी।




8 खेल मंत्री मनसुख मांडविया और बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने खेलो इंडिया युवा खेल-2025 के शुभंकर और प्रतीक चिन्‍ह का अनावरण किया




cu-20250415091555.jpg


बिहार 4 से 15 मई तक खेलो इंडिया युवा खेल-2025 के सातवें संस्करण की मेजबानी करेगा। खेल पटना, गया, राजगीर, बेगूसराय और भागलपुर सहित विभिन्न शहरों में आयोजित किए जाएंगे। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और केंद्रीय खेल मंत्री डॉ. मनसुख मांडविया ने पटना में मुख्‍यमंत्री सचिवालय में आयोजित एक समारोह में खेलो इंडिया युवा खेल-2025 के शुभंकर और प्रतीक चिन्‍ह का अनावरण किया। खेलो इंडिया का शुभंकर “गजसिंह” होगा, जो हाथी की शक्ति और शेर के दिल का प्रतीक है। शुभंकर नालंदा और बोधगया के पाल वंश की अभिलेखीय विरासत से लिया गया है, जिसे मंदिरों और उनके स्तंभों पर उकेरा गया है। खेलो इंडिया युवा खेल-2025 का प्रतीक चिन्‍ह बिहार की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और नारंगी रंग से प्रेरित है। यह उत्साह और प्रकृति को दर्शाता है।

9 सौरव गांगुली को आईसीसी पुरुष क्रिकेट समिति का फिर से अध्यक्ष नियुक्त किया गया​


cu-20250415085715.jpg


भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान सौरव गांगुली फिर से आईसीसी पुरुष क्रिकेट समिति के अध्यक्ष चुन लिए गए हैं। वीवीएस लक्ष्मण भी पैनल के सदस्य बने रहेंगे। गांगुली को वर्ष 2021 में समिति का अध्यक्ष नियुक्त किया गया था। वे अनिल कुंबले की जगह लेंगे।

10 भारत ने अमरीका में तीरंदाजी विश्व कप स्टेज-1 में पुरुषों की रिकर्व टीम स्पर्धा का रजत जीता​


cu-20250415085611.jpg


भारत ने तीरंदाजी विश्व कप के पहले चरण में, पुरुष रिकर्व टीम स्पर्धा का रजत पदक जीत लिया है। अमरीका के ऑबर्नडेल में हुए फाइनल में, भारतीय टीम मेंधीरज बोम्मादेवडा, तरुणदीप रॉय और अतनु दास शामिल थे। प्रतियोगिता का स्वर्ण चीन ने जीता। इस सत्र में भारत का यह तीसरा पदक है। इससे पहले, भारत ने कंपाउंड मिक्स्ड टीम स्‍पर्धा में स्वर्ण और कंपाउंड पुरुष टीम स्‍पर्धा में कांस्य पदक जीता था।

11 तीरदांजी में अमरीका के फ्लोरिडा में तीरदांजी विश्‍व कप-2025 में भारत के धीरज बोम्मदेवरा ने रजत पदक जीता​


cu-20250415090715.jpg


तीरदांजी में अमरीका के फ्लोरिडा में तीरदांजी विश्‍व कप – 2025 में भारत के धीरज बोम्मदेवरा ने रजत पदक जीता। धीरज ने पुरूषों के निजी रिकर्व स्‍पर्धा में एन्ड्रेस टेमिनो मेडिएल को 6-4 से हराया। यह इस प्रतियोगिता में धीरज का दूसरा पदक भी है। इस जीत के साथ भारत में तीरदांजी विश्‍व कप में कुल चार पदक जीते। जिसमें एक स्‍वर्ण, एक रजत और दो कास्‍य पदक हैं। भारतीय टीम पदक तालिका में चौथे स्‍थान पर रही। इससे पहले तरून दीप राय और अतनू दास के साथ धीरज ने रिकर्व पुरूष टीम स्‍पर्धा में एक रजत पदक जीता। कंपाउंड मिक्‍स्‍ड टीम स्‍पर्धा में ज्‍योति सुरेखा वेन्‍नम और रिषभ यादव की जोडी ने स्‍वर्ण पदक जीता। वहीं अभिषेक वर्मा, रिषभ यादव और ओजस देवताले की पुरूष कंपाउंड टीम ने कास्‍य पदक जीता।


 
Top
AdBlock Detected

We get it, advertisements are annoying!

Sure, ad-blocking software does a great job at blocking ads, but it also blocks useful features of our website. For the best site experience please disable your AdBlocker.

I've Disabled AdBlock